भारत का खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र एक बदलावकारी शक्ति के रूप में उभरा है, जिसने देश को वैश्विक खाद्य केंद्र के रूप में स्थापित किया है। इस विकास को और रफ्तार देने के लिए, भारत सरकार के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय (एमओएफपीआई) ने खेत से खाने की प्लेट तक के संपर्क को मज़बूत करने, मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देने, अनुसंधान तथा विकास को आगे बढ़ाने, कोल्ड चेन अवसंरचना का विस्तार करने और स्टार्टअप, लॉजिस्टिक्स और खुदरा व्यवस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य से, कई रणनीतिक पहलों को लागू किया है। इन प्रयासों ने एक मज़बूत और भविष्य के लिए तैयार खाद्य प्रसंस्करण उद्योग की नींव रखी है।
इसी दृष्टिकोण के अनुरूप, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय ने 2017 में भारत की समृद्ध खाद्य संस्कृति को प्रदर्शित करने और वैश्विक निवेश आकर्षित करने के लिए डिज़ाइन किए गए अपने प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रम वर्ल्ड फ़ूड इंडिया (डब्ल्यूएफआई) का शुभारंभ किया। 2023 और 2024 में इसके दो और संस्करण आयोजित किए गए और चौथा संस्करण 25 से 28 सितंबर 2025 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा। इसका उद्घाटन 23 जुलाई 2025 को नई दिल्ली में किया गया।
अपनी स्थापना के बाद से, डब्ल्यूएफआई वैश्विक हितधारकों के लिए भारत के गतिशील खाद्य प्रसंस्करण व्यवस्था से जुड़ने, सहयोग करने और अवसरों का पता लगाने के लिए एक प्रमुख मंच के रूप में विकसित हुआ है। अग्रणी खाद्य प्रसंस्करण कंपनियों, नवप्रवर्तकों, आपूर्ति श्रृंखला हितधारकों और उपकरण निर्माताओं को एक साथ लाते हुए, डब्ल्यूएफआई 2025 भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों के बीच साझेदारी बनाने, नवाचार को बढ़ावा देने और नए व्यावसायिक अवसरों को खोलने के लिए एक सहयोगी मंच के रूप में कार्य करेगा।